
मगरमच्छ के हमले से अधेड़ गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों ने बचाई जान
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 29 Jun, 2025
- 76
परसामलिक (महराजगंज)। परसामलिक थाना क्षेत्र के बनरहवा गांव के पास बह रही बघेला नदी में शुक्रवार को मछली पकड़ रहे एक अधेड़ व्यक्ति पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्राम निवासी प्रभु सहानी (उम्र लगभग 50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका एक हाथ और एक पैर बुरी तरह जख्मी हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रभु सहानी रोज की तरह नदी में मछली पकड़ने गया था उसी दौरान झाड़ियों के बीच छिपे मगरमच्छ ने उस पर झपट्टा मार दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को भगाया। किसी तरह प्रभु सहानी को नदी से बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रतनपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के अनुसार, समय से इलाज मिलने के कारण अब प्रभु सहानी की स्थिति स्थिर बनी हुई है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा इंतजाम और मगरमच्छों को पकड़वाने की मांग की है।