SIR: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशित, जिले में 17.92 लाख मतदाता दर्ज
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 10 Apr, 2026
- 145
महराजगंज। विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के समापन के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष निर्वाचक नामावली के अंतिम आलेख्य का प्रकाशन किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी दलों को बधाई देते हुए कहा कि मतदाताओं के पंजीकरण में सक्रिय भागीदारी तथा निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से यह प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो सकी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बीएलओ, सुपरवाइजर, आरओ व ईआरओ के अथक परिश्रम के कारण शत-प्रतिशत मतदाता सूची का प्रकाशन संभव हो पाया है। उन्होंने पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पारदर्शी एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने विधानसभा वार आंकड़े साझा करते हुए बताया कि जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 17,92,128 है। इसमें 315-फरेन्दा में 3,30,511, 316-नौतनवा में 3,27,187, 317-सिसवा में 3,64,498, 318-महराजगंज में 3,77,551 तथा 319-पनियरा में 3,92,381 मतदाता शामिल हैं।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्हें अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस, भाजपा व सपा सहित प्रमुख दलों को सूची उपलब्ध करा दी गई है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशांत कुमार, अपर उपजिलाधिकारी प्रेमशंकर पाण्डेय, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार यादव सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सभी की अहम भूमिका है।

