रोटरी क्लब की बैठक में सेवा कार्यों की विस्तृत रूपरेखा तय, जिला अस्पताल में लगेगा वाटर कूलर
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 12 Apr, 2026
- 43
महराजगंज। शहर में शनिवार देर शाम रोटरी क्लब की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत रोटरी चार्टर के समक्ष दीप प्रज्वलन व राष्ट्रगीत के साथ हुई। इसके बाद क्लब के सचिव विनोद कुमार गुप्ता ने पिछले कार्यों की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए अप्रैल माह में प्रस्तावित कार्यक्रमों का विस्तृत एजेंडा सदस्यों के समक्ष रखा।
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी रोटेरियन डॉ. कृष्णा साहनी एवं डॉ. रश्मि श्रीवास्तव को सौंपी गई है। दोनों चिकित्सक महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के साथ ही स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित करेंगे।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए जनहित से जुड़ा एक अहम फैसला लिया गया। फरेंदा मार्ग सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेयजल की समस्या को देखते हुए वाटर कूलर स्थापित करने पर विचार-विमर्श हुआ। आगामी अध्यक्ष डॉ. एबी त्रिपाठी ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में वाटर कूलर लगाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी रोटेरियन सदस्यों ने सहमति जताई। जल्द ही इस कार्य को अमल में लाने की बात कही गई।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी चर्चा हुई। क्लब अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने जानकारी दी कि 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के संयोजक के रूप में रोटेरियन पंकज मौर्य को नामित किया गया है, जो पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और जागरूकता गतिविधियों का संचालन करेंगे।
इसके अलावा मातृत्व दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके सफल संचालन के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जिसमें विनोद कुमार गुप्ता, देवेश कुमार पांडे, अशोक चौरसिया और सैफुल्लाह खान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्लब का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति प्रेरित करना है।
बैठक में महिला सहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। महिला रोटेरियन को जोड़ने तथा इनर व्हील क्लब के गठन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस कार्य के लिए डॉ. कृष्णा साहनी, डॉ. रश्मि श्रीवास्तव और डॉ. तरन्नुम को जिम्मेदारी दी गई है, जो महिला सदस्यों को जोड़ने और संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगी।
कार्यक्रम के अंत में क्लब के नए सदस्य दुर्गेश गुप्ता का रोटरी पिन व फटका पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान चार्टर्ड प्रेसिडेंट विंध्यवासिनी सिंह, अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, सचिव विनोद कुमार गुप्ता, डॉ. साजिद अहरारी, डॉ. ठाकुर भारत श्रीवास्तव, डॉ. एबी त्रिपाठी, डॉ. राजीव मद्धेशिया, डॉ. डीके साहनी, डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, आत्माराम गुप्ता, देवेश पांडे, सैफुल्लाह खान, डॉ. जैनुल आबेदीन, डॉ. अमित हालदार, मोहित मदन मद्धेशिया, सद्दाम हुसैन, डॉ. परितोष सिंह, अशोक चौरसिया, एमपी सिंह, पंकज मौर्य, हारून, अजय अग्रहरि सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

