नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संभाला पदभार
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 06 May, 2026
- 159
महराजगंज। जनपद को बुधवार को नया जिलाधिकारी मिल गया। 2017 बैच के आईएएस अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने दोपहर करीब 12 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके आगमन के साथ ही प्रशासनिक गतिविधियों में नई ऊर्जा देखने को मिली।
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इसी क्रम में महराजगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का स्थानांतरण कर उन्हें फिरोजाबाद का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
नवागत डीएम गौरव सिंह सोगरवाल जनपद से पहले भी जुड़े रह चुके हैं। वह वर्ष 2021 से 2023 के बीच मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर महराजगंज में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वह गोरखपुर में नगर आयुक्त के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक ढांचे की उन्हें अच्छी समझ है, जो उनके कार्यकाल में सहायक सिद्ध हो सकती है।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने संकेत दिए कि जनपद की विकास योजनाओं को गति देने के साथ-साथ कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता होगी। जिले के सामने मौजूद चुनौतियों का प्रभावी समाधान करते हुए जनहित में कार्य करना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।
प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत किया और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का भरोसा जताया।

