ग्राम पंचायत सचिवालय में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 01 Jun, 2026
- 172
6 लाख रुपये का सामान बरामद, अवैध पिस्टल व कारतूस भी मिले
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने ग्राम पंचायत सचिवालय में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी का पूरा सामान, अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत बसहिया खुर्द स्थित सचिवालय भवन में 18 मई की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर कंप्यूटर, सीपीयू, मॉनिटर, प्रिंटर, की-बोर्ड, माउस तथा सीसीटीवी डीवीआर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को खुलासे के लिए लगाया गया था।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामदेउरवा पुलिस ने ग्राम मोहम्मदपुर के पास से बसहिया बुजुर्ग निवासी अफरोज (25) और तरकुलवा भटगांव निवासी अब्दुल अजीज (24) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अफरोज के पास से 32 बोर की अवैध पिस्टल व एक जिंदा कारतूस तथा अब्दुल अजीज के पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए पांच मॉनिटर, दो सीपीयू, एक प्रिंटर, डीवीआर, सोलर पैनल, टुल्लू पंप, की-बोर्ड, माउस, लैपटॉप चार्जर समेत अन्य सामान बरामद कर लिया। घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
पहले करते थे रेकी, फिर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित सरकारी भवनों और संस्थानों की पहले गुप्त रूप से रेकी करते थे। सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और कीमती सामान की जानकारी जुटाने के बाद रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इनके निशाने पर मुख्य रूप से सरकारी कार्यालयों में रखे कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य मूल्यवान सामान रहते थे।
दोनों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपितों पर पहले से चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। अफरोज के खिलाफ पांच तथा अब्दुल अजीज के खिलाफ चार आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं की भी बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


