निर्माणाधीन अमृत सरोवर में डूबने से तीन किशोरों की मौत, गांव में पसरा मातम
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 02 Aug, 2026
- 192
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के मीराबाई नगर वार्ड संख्या 25 स्थित पोखरा टोला में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में निर्माणाधीन अमृत सरोवर में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पोखरा टोला निवासी राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन और कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार रविवार दोपहर नहाने के लिए गांव के निर्माणाधीन अमृत सरोवर पर गए थे। नहाते समय नीतीश, रोहन और कृष्णा अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देखकर राजबीर घबराकर घर पहुंचा और स्वजन को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों किशोरों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोगों की आंखें नम हैं।
थानाध्यक्ष कोठीभार ने बताया कि तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।


