महराजगंज में सड़क सुरक्षा अभियान का असर, जुलाई में सड़क हादसों में मौत का आंकड़ा घटकर 10
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 11 Aug, 2026
- 76
महराजगंज। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का असर अब आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 में सड़क हादसों में 22 लोगों की मौत हुई थी, जबकि जुलाई में यह संख्या घटकर 10 रह गई। यानी छह माह में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 12 की कमी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद पुलिस और यातायात पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चला रही है। अभियान के दौरान ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया चलाने और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक जनवरी से जुलाई 2026 के बीच सड़क दुर्घटनाओं में कुल 154 लोगों की जान गई। इनमें मार्च में सर्वाधिक 32 मौतें दर्ज हुईं, जबकि जुलाई में सबसे कम 10 लोगों की मौत हुई।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है और अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं।


