महराजगंज में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने की मांग, डिप्टी सीएम से मिले विधायक जयमंगल
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 03 Aug, 2026
- 63
महराजगंज। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने सोमवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रजेश पाठक से विधानसभा स्थित उनके शासकीय कार्यालय में मुलाकात कर जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किए जाने की मांग उठाई।
विधायक ने कहा कि महाराजगंज सीमावर्ती जनपद होने के कारण बड़ी संख्या में लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर इलाज के लिए निर्भर हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल अथवा गोरखपुर सहित अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे उन्हें आर्थिक बोझ के साथ समय और असुविधा का भी सामना करना पड़ता है।
उन्होंने जनपद के सभी पीएचसी एवं सीएचसी पर आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कराने तथा रिक्त चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों के पदों को शीघ्र भरने की मांग की। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता भी बताई।
जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि सरकार की मंशा प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में महाराजगंज में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार समय की मांग है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ अस्पतालों में संसाधनों का भी विस्तार किया जा रहा है।
इस दौरान गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दिनेश त्रिपाठी, सुशील श्रीवास्तव एवं संजीव शुक्ला भी मौजूद रहे।


