बाढ़ पीड़ितों की मदद को प्रेस क्लब ने नेपाल प्रधानमंत्री राहत कोष में दिए 51 हजार
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 31 Aug, 2026
- 33
महराजगंज। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज ने मानवीय पहल की है। क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नेपाल के प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप उद्धार कोष में 51 हजार रुपये की सहायता राशि जमा कराई है।
सोमवार को प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल को बैंक में जमा सहायता राशि का वाउचर सौंपा। इस दौरान क्लब पदाधिकारियों ने आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अमित त्रिपाठी ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से बड़े पैमाने पर जन-धन की क्षति हुई है। संकट की इस घड़ी में भारतीय पत्रकारों की ओर से नेपाल के बाढ़ प्रभावित नागरिकों तक सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से यह सहायता राशि दी गई है। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल ने प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के पत्रकारों की ओर से प्रधानमंत्री राहत कोष में सहायता राशि जमा कराने पर आभार जताया।
इस अवसर पर लुम्बिनी प्रेस क्लब रुपन्देही के अध्यक्ष कमल रायमाझी समेत नेपाल और भारत के कई पत्रकार मौजूद रहे।


