सीमा पर छिपाकर रखी 1296 किलो चाइनीज लहसुन की खेप बरामद

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ‘ए’ समवाय पतलावा के जवानों ने बड़ी कार्रवाई की। सूचना के आधार पर जवानों ने निचलौल थाना क्षेत्र के तिलबारी गांव के बाहर खेत के पास छिपाकर रखी गई 72 बोरी चाइनीज लहसुन बरामद की। बरामद लहसुन का कुल वजन 1296 किलोग्राम बताया गया है।

एसएसबी के अनुसार, सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से तस्करी कर लाया गया चाइनीज लहसुन तिलबारी गांव के बाहर खेत के पास छिपाकर रखा गया है। इसे पिकअप वाहन के माध्यम से दूसरी जगह भेजे जाने की तैयारी थी। सूचना मिलते ही एसएसबी टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान खेत के पास छिपाकर रखी गई लहसुन की 72 बोरियां बरामद हो गईं।

बरामद खेप भारत-नेपाल सीमा के सीमा स्तंभ संख्या 497/1 से करीब 500 मीटर भारत की ओर मिली। कार्रवाई के दौरान सहायक कमांडेंट संदीप सिंह, निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय समेत एसएसबी के जवान मौजूद रहे।

एसएसबी जवानों ने बरामद 72 बोरा चाइनीज लहसुन को नियमानुसार जब्त कर लिया। इसके बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए पूरी खेप को सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल के सुपुर्द कर दिया गया। सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ एसएसबी की कार्रवाई से तस्करों में खलबली मची हुई है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com