खबर का असर: आस्था हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग ने जड़ा ताला

महराजगंज। जिला मुख्यालय से सटे चौपरिया (साहू जी महाराज नगर) स्थित आस्था हॉस्पिटल एंड मैटर्निटी को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को बंद करा दिया। टीम ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर सरकारी ताला जड़ते हुए संचालित गतिविधियों पर रोक लगा दी। यह कार्रवाई यूपी समाचार प्लस की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग के हरकत में आने पर हुई।

बताया जाता है कि अस्पताल के नामित एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र भारती ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शपथपत्र देकर अस्पताल में चिकित्सीय कार्य बंद कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद सीएमओ कार्यालय की ओर से पांच सितंबर को अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर अस्पताल बंद करने का निर्देश दिया गया था। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि निर्देश के बावजूद अस्पताल संचालित पाए जाने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इसके बावजूद अस्पताल के संचालित होने की सूचना पर यूपी समाचार प्लस की टीम मौके पर पहुंची। उस समय अस्पताल में मरीज भर्ती मिले, जबकि ओपीडी में चिकित्सकीय परामर्श के लिए मरीजों के नंबर भी लगे हुए थे। रिपोर्टिंग शुरू होते ही वहां मौजूद कुछ स्टाफ के मौके से चले जाने की बात सामने आई।

मामले को यूपी समाचार प्लस ने प्रमुखता से उठाया। खबर प्रसारित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और संचालित अस्पताल को बंद कराया। टीम ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर सरकारी ताला लगा दिया।

बेसमेंट में पंजीकरण को लेकर भी सवाल

आस्था हॉस्पिटल एंड मैटर्निटी के पंजीकरण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल बेसमेंट में संचालित है, जबकि ऐसे स्थान पर अस्पताल के पंजीकरण की अनुमति को लेकर नियमों की स्थिति स्पष्ट किए जाने की जरूरत है। ऐसे में अस्पताल का पंजीकरण किस आधार पर हुआ, यह भी जांच का विषय है।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद अस्पताल का संचालन बंद हो गया है। वहीं, अस्पताल के पंजीकरण और पूर्व में जारी निर्देश के बावजूद संचालन किए जाने के मामले में विभागीय स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com