भवन तैयार, फिर भी शुरू नहीं हुआ आंगनबाड़ी केंद्र, ग्रामीण ने डीपीओ से की स्थलीय जांच और केंद्र तत्काल चालू कराने की मांग
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 25 Sep, 2026
- 13
मिठौरा बाजार (महराजगंज)। विकास खंड मिठौरा की ग्राम पंचायत सेमरा में आंगनबाड़ी केंद्र का भवन तैयार होने के बावजूद अब तक केंद्र का नियमित संचालन शुरू नहीं होने का मामला सामने आया है। इससे गांव के छोटे बच्चों और अन्य पात्र लाभार्थियों को आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली निर्धारित सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्राम पंचायत निवासी अमर कुमार पुत्र रामबेलास ने बुधवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की स्थलीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र का भवन बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद केंद्र का संचालन शुरू नहीं किया गया है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायत का दूसरा प्रधान कार्यकाल भी समाप्त होने वाला है, लेकिन अभी तक केंद्र का संचालन शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीण ने केंद्र के संचालन में देरी के कारणों की जांच कराने और यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य संबंधित व्यक्ति की लापरवाही सामने आए तो नियमानुसार जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने डीपीओ से आंगनबाड़ी केंद्र का मौके पर निरीक्षण कराने, केंद्र को तत्काल चालू कराने तथा आवश्यक कार्यकर्ता, सहायिका और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही की गई कार्रवाई की सूचना लिखित रूप से उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

