विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 23 Nov, 2026
- 36
बूथों की मूलभूत सुविधाओं और संवेदनशील क्षेत्रों का होगा सत्यापन, एसडीएम-सीओ संयुक्त रूप से करेंगे भ्रमण
महराजगंज। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर अधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों, जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र का रूट चार्ट समय से तैयार कर लें। प्रत्येक मतदान केंद्र पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए चेकलिस्ट के अनुसार एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज (एएमएफ) की जांच कर रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने सभी एसडीएम और सीओ को संयुक्त बैठक कर वल्नरेबिलिटी मैपिंग प्रभावी ढंग से कराने तथा पूर्व में चिह्नित संवेदनशील क्षेत्रों की वर्तमान परिस्थितियों की समीक्षा करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि एसडीएम और सीओ संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का भ्रमण कर वहां की मूलभूत सुविधाओं, पहुंच मार्ग और संवेदनशील मतदाता क्षेत्रों का सत्यापन करें। साथ ही आवश्यक सूचनाओं का संकलन भी सुनिश्चित करें। सेक्टर अधिकारियों के आवागमन के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को वाहनों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन की संवेदनशीलता से सभी अधिकारी परिचित हैं, इसलिए तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का भ्रमण कर वल्नरेबिलिटी और एएमएफ से संबंधित रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया। साथ ही स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) और फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) की तैनाती के लिए संभावित स्थलों को चिह्नित कर सूची तैयार करने को कहा। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों को थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ईवीएम, वीवीपैट और मॉक पोल की प्रक्रिया, मशीनों के सुरक्षित परिवहन तथा मतदान दिवस पर नियमित निगरानी के संबंध में बताया। साथ ही आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और मतदान के बाद निर्वाचन सामग्री एवं अभिलेखों को सुरक्षित जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अपर जिलाधिकारी ने चुनाव पूर्व की जाने वाली आवश्यक कार्यवाहियों से सेक्टर एवं पुलिस सेक्टर अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सेक्टर अधिकारी, पुलिस सेक्टर अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


