आईजीआरएस में लापरवाही पर डीएम सख्त, 50 प्रतिशत से कम संतुष्टि वाले कार्यालयों की लगाई क्लास, 17 अनुपस्थित अधिकारियों का रोका वेतन
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 23 Nov, 2026
- 43
महराजगंज। जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और आईजीआरएस पोर्टल पर खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 प्रतिशत से कम संतुष्टि प्रतिशत वाले कार्यालयों की समीक्षा के दौरान कई अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में सीएमओ, अधिशासी अभियंता नलकूप, जिला गन्ना अधिकारी, डीआईओएस, एलडीएम, बीडीओ परतावल, बीईओ परतावल, निचलौल व मिठौरा, अधिशासी अधिकारी नौतनवा व सोनौली, एडीओ पंचायत नौतनवा व महराजगंज, पशु चिकित्साधिकारी निचलौल, चकबंदी अधिकारी नौतनवा, अधिशासी अभियंता सिंचाई तथा अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड अनुपस्थित रहे। महत्वपूर्ण बैठक से अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए इसे जनशिकायतों के प्रति उदासीनता करार दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण महज कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक शिकायत में संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से शत-प्रतिशत संपर्क स्थापित करें और उसकी समस्या को गंभीरता से सुनें। जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करें तथा वास्तविक स्थिति का सत्यापन करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने लंबित शिकायतों के साथ असंतुष्ट शिकायतकर्ताओं के प्रकरणों की विशेष समीक्षा करने का निर्देश दिया। कहा कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित होना चाहिए। निस्तारण से पहले संबंधित अभिलेखों और साक्ष्यों की जांच भी अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिल सके।
डीएम ने चेतावनी दी कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीएफओ निरंजन सुर्वे राजेंद्र, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, एआरटीओ मनोज सिंह, सीवीओ डॉ. एजाज अहमद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


