सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर कार्यशाला आयोजित, साइबर खतरों से सतर्क रहने की डीएम ने की अपील
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 10 Feb, 2026
- 50
महराजगंज। विश्व स्तरीय सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी व अर्द्धसरकारी कार्यालयों के अधिकारियों-कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग करना रहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज इंटरनेट का उपयोग निजी, सामाजिक और व्यावसायिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। इंटरनेट ने सुविधाएं बढ़ाई हैं, लेकिन इसके साथ ही साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल बनाएं और जनपद के प्रमुख हैंडल्स को फॉलो करें, जिससे सरकारी योजनाओं की जानकारी तेजी और विश्वसनीय तरीके से आमजन तक पहुंच सके। साथ ही अनावश्यक और व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की सलाह दी।
कार्यशाला में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि हर वर्ष फरवरी के दूसरे मंगलवार को सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष यह दिवस ‘एआई के प्रति जागरूक: सुरक्षित, स्मार्ट और नियंत्रण में’ थीम के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, एआई से जुड़े संभावित जोखिमों और सुरक्षित वेबसाइटों की पहचान के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने फिशिंग, स्पैम, डीपफेक वीडियो सहित अन्य साइबर खतरों से बचाव के उपाय बताए और अनजान लिंक पर क्लिक न करने की हिदायत दी। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। साथ ही ओटीपी, क्रेडिट कार्ड विवरण और बैंक खाता संख्या किसी के साथ साझा न करने की चेतावनी दी।
कलेक्ट्रेट के अलावा आईटीआई पुरैना और आईटीआई माधोनगर में भी कार्यशालाएं आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीएफओ निरंजन सुर्वे, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार गौरवेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, बीएसए ऋद्धि पांडेय, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

