बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी, 10 लाख के गहने-नकदी ले उड़े चोर
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 10 Feb, 2026
- 137
इलाज के लिए बनारस गए थे नगर पंचायत कर्मी, CCTV में कैद हुई वारदात
महराजगंज। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला महराजगंज नगर क्षेत्र के शिवनगर मोहल्ले से सामने आया है, जहां नगर पंचायत चौक में कार्यरत कर्मचारी के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये के गहने व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत कर्मचारी विजय यादव अपनी पत्नी के इलाज के लिए कुछ दिनों के लिए बनारस गए हुए थे। घर पूरी तरह बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया। पड़ोसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
बताया जा रहा है कि चोर घर के पीछे की ओर से सीढ़ियों के ऊपर रखे सीमेंटेड कैटरैन को तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने लिविंग रूम में रखी अलमारी को निशाना बनाया। अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती गहने और नकदी चुरा ली और फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए गहनों में सोने की चेन, झुमके, दो अंगूठियां, पायल, मंगलसूत्र, टीका, नाक की नथ और हार शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। अलमारी से कुछ नकदी भी गायब मिली है।
इलाज के बाद जब विजय यादव घर लौटे तो टूटी अलमारी और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद शिवनगर मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन रात की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था नाकाफी है।

