सीएम डैशबोर्ड में महराजगंज की बड़ी छलांग, फिर टॉप–10 में जगह
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 10 Feb, 2026
- 89
संयुक्त रैंकिंग में प्रदेश में आठवां स्थान, राजस्व व विकास में शानदार प्रदर्शन
महराजगंज। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जनवरी 2026 की रैंकिंग में जनपद महराजगंज ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। राजस्व एवं विकास की संयुक्त रैंकिंग में जनपद ने आठवां स्थान हासिल कर टॉप–10 जिलों में जगह बनाई है। यह उपलब्धि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सतत निगरानी का परिणाम मानी जा रही है।
विकास क्षेत्र की योजनाओं में जनपद का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। कुल योजनाओं में 71 को ‘ए’ ग्रेड, छह को ‘बी’ ग्रेड तथा तीन को ‘सी’ ग्रेड मिला है। उल्लेखनीय है कि विकास की किसी भी योजना में जनपद को ‘डी’ ग्रेड नहीं मिला, जो प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गुणवत्ता को दर्शाता है।
राजस्व क्षेत्र में भी जनपद ने मजबूती दिखाई है। राजस्व से संबंधित योजनाओं में 34 योजनाओं को ‘ए’ ग्रेड, नौ को ‘बी’ ग्रेड तथा चार को ‘सी’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। राजस्व और विकास—दोनों ही श्रेणियों में न्यूनतम ग्रेड से दूरी जनपद की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
सीएम डैशबोर्ड के अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, स्वच्छता, पर्यटन, पेयजल, सड़क निर्माण और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं में महराजगंज का प्रदर्शन प्रदेश में उत्कृष्ट रहा है।
गौरतलब है कि बीते माह जनपद की रैंकिंग 14वें स्थान पर थी, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को योजनाओं की सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश दिए थे। इसके बाद राजस्व रैंकिंग में जनपद ने 33वें से 12वें स्थान तक की बड़ी छलांग लगाई, जबकि विकास योजनाओं में नौवां स्थान प्राप्त किया। दोनों को मिलाकर संयुक्त रैंकिंग में जनपद आठवें स्थान पर पहुंच गया।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि निरंतर समीक्षा, फील्ड स्तर पर गुणवत्ता परक कार्य और प्रभावी मॉनिटरिंग से ही योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचता है। उन्होंने निर्देश दिए कि इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जनपद को भविष्य में भी प्रदेश के अग्रणी जिलों में बनाए रखा जाए।

