भारत-नेपाल सीमा पर चरस की बड़ी खेप ज़ब्त, परसामलिक पुलिस ने तस्करी की कमर तोड़ी
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 20 Feb, 2026
- 84
महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान में महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना परसामलिक पुलिस ने गुरुवार तड़के अवैध चरस की तस्करी करते एक अभियुक्त को दबोचते हुए करीब 48.686 किलोग्राम चरस बरामद की है। पकड़ी गई खेप की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
बुद्धवार-गुरुवार की मध्यरात्रि मुखबिर की सटीक सूचना पर थानाध्यक्ष परसामलिक अभयनारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ठुठीबारी–नौतनवा मुख्य मार्ग पर सेखुआनी टोला शंकरपुर के पास घेराबंदी की।
रात्रि करीब 1.50 बजे एक स्विफ्ट डिजायर कार (UP14 BM 4258) को रोककर तलाशी ली गई, तो वाहन में छिपाकर रखी गई 59 अलग-अलग प्लास्टिक की पन्नियों में भरी चरस बरामद हुई। मौके से राकेश यादव (35 वर्ष) निवासी सेखुआनी टोला शंकरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक मोबाइल फोन (गैलेक्सी A04e), 700 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। मामले में थाना परसामलिक में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/23 के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी नौतनवा अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष अभयनारायण सिंह सहित परसामलिक पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।
इस बड़ी बरामदगी से तस्करों में हड़कंप मचा है और महराजगंज पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ निर्णायक प्रहार माना जा रहा है।

