स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: महिला मौत प्रकरण में नोवा हॉस्पिटल की ओटी सील

महराजगंज। निजी अस्पताल में सड़क दुर्घटना में घायल महिला की ऑपरेशन के बाद मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने आखिरकार सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद नगर स्थित नोवा हॉस्पिटल एंड डायबिटीज केयर की ऑपरेशन थियेटर (ओटी) को सील कर दिया गया है। इस कार्रवाई से निजी अस्पतालों में हड़कंप मच गया है।

गौरतलब है कि इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद मामला तूल पकड़ता गया। बढ़ते दबाव और मीडिया में खबर प्रमुखता से आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। मृतका के परिजनों का आरोप था कि उन्हें बरगलाकर जिला अस्पताल से नोवा हॉस्पिटल में लाया गया था जबकि स्वजन केएमसी कॉलेज ले जाना चाहते थे। यहां लाने के बाद दूसरे निजी अस्पताल में मरीज का ऑपरेशन हुआ और दुबारा नोवा हॉस्पिटल में मरीज को लाया गया जहां हालत बिगड़ने के बाद महिला की मौत हो गई जिसके बाद परिजन भड़क गए और हंगामा करने लगे। 

नोडल अधिकारी वीरेंद्र आर्या मंगलवार को स्वास्थ्य टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और जांच के बाद ओटी को तत्काल प्रभाव से सील करने की कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि अस्पताल में कई अनियमितताएं भी सामने आई हैं।

सूत्रों के अनुसार, पूरे प्रकरण में और भी कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। इधर, खबर को प्रमुखता से उठाने वाले यूपी समाचार प्लस के बाद प्रशासन की सक्रियता तेज हुई है। अब देखना होगा कि जिम्मेदारों पर कितनी सख्ती होती है या मामला फिर ठंडे बस्ते में चला जाता है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com