डीपीआरओ से अभद्रता को लेकर लामबंद हुए पंचायत सहायक संगठन, सतीश सिंह ने भी सौंपा ज्ञापन
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 03 Apr, 2026
- 97
महराजगंज। पनियरा विकास खंड के सोहास ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) से अभद्रता के आरोप को लेकर पंचायत सहायक संगठन लामबंद हो गया है। संगठन के दर्जनों सदस्यों ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप है कि 1 अप्रैल 2026 को डीपीआरओ कार्यालय में सतीश सिंह द्वारा अमर्यादित व्यवहार किया गया। इससे पूर्व भी खंड विकास अधिकारियों व डीसी मनरेगा अधिकारी के साथ उनके दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। संगठन का कहना है कि इस प्रकार की घटनाओं से कर्मचारियों में भय का माहौल है और कार्य निष्पादन प्रभावित हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि डीपीआरओ श्रेया मिश्रा और सतीश सिंह के बीच विवाद पहले से ही जनपद में सुर्खियों में है। ऐसे में इस प्रकरण ने प्रशासनिक माहौल को और गरमा दिया है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो पंचायत सहायक सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करेंगे। साथ ही महिला सुरक्षा, स्मार्ट डिवाइस, समयबद्ध मानदेय व वृद्धि सहित अन्य मांगें भी उठाई गई हैं।
एक ओर जहां पंचायत सहायक संगठन ने प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) से अभद्रता का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है, वहीं दूसरी ओर सतीश सिंह ने भी डीएम को ज्ञापन देकर डीपीआरओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं।सतीश सिंह ने डीपीआरओ को भ्रष्ट अधिकारी बताते हुए उनके खिलाफ जांच व कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस प्रकरण में किस पक्ष पर क्या कार्रवाई करता है?

