बाबा धाम से दर्शन कर लौट रहा परिवार सड़क हादसे का शिकार, एक की मौत
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 07 Apr, 2026
- 292
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के सोहरौना राजा रोड स्थित भैंसा पुल के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाबा धाम से दर्शन कर लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 9 शिवनगर निवासी रामदयाल वर्मा अपने परिवार के साथ बाबा धाम से लौट रहे थे। वाहन को सतभरिया निवासी संतोष कुमार वर्मा चला रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6:30 बजे चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पेड़ से टकरा गया।
स्कॉर्पियो में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें चार महिलाएं-पुरुष और चार बच्चे शामिल थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक संतोष कुमार वर्मा समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और भिटौली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने संतोष कुमार वर्मा को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
परिवार के अन्य सदस्यों को मामूली या कोई चोट नहीं आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई नींद की झपकी माना जा रहा है।

