मदनपुरा गौआश्रय स्थल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ अस्थाई गौआश्रय स्थल मदनपुरा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने गोवंश शेड, पशु आहार कक्ष और भूसा कक्ष का अवलोकन किया। खंड विकास अधिकारी मिठौरा ने बताया कि गौआश्रय स्थल में 43 गोवंश संरक्षित हैं। पशुओं के लिए 106 कुंतल भूसा, 25 बोरी पशु आहार, 42 बोरी चोकर और 5 बोरी साइलेंज उपलब्ध है। इसके अलावा 750 डिसमिल भूमि में हरा चारा बोया गया है।

डीएम ने परिसर में छाया के लिए फलदार वृक्ष लगाने और वर्षा में जलभराव से बचाव हेतु घास रोपित कराने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया, जो सभी चालू पाए गए।

बीमार गोवंश के संबंध में जानकारी लेने पर एक पशु के बीमार होने की पुष्टि हुई, जिसका उपचार पशु चिकित्सक द्वारा किया जा चुका है। डीएम ने बीमार पशुओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने तथा मृत गोवंश के शव का गरिमापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही कमजोर पशुओं को पक्षियों से बचाने के लिए शेड के चारों ओर जाल लगाने को कहा।

उन्होंने गौआश्रय स्थल पर 24 घंटे केयरटेकर की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सोलर पैनल सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारू पाई गईं। मौके पर केयरटेकर मौजूद मिले और गोवंश की स्थिति संतोषजनक पाई गई, जिस पर डीएम ने संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी राहुल सागर, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com