बेटियों के जन्म पर मना कन्या जन्मोत्सव, 30 नवजात बालिकाओं को मिली बेबी किट
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 03 Aug, 2026
- 40
महराजगंज: बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सोमवार को जिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने नवजात बेटियों के साथ केक काटकर उनके जन्म का उत्सव मनाया और 30 नवजात बालिकाओं को बेबी किट व मिष्ठान वितरित कर परिजनों को शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाने से समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने अभिभावकों से नवजात शिशुओं का समय-समय पर टीकाकरण कराने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र विकास के लिए परिवार व समाज की समान भागीदारी जरूरी है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि महिला कल्याण विभाग की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और जनजागरूकता के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय सोमवार को कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया जाता है। उन्होंने पात्र परिवारों से विभाग की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. द्विवेदी, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. के.पी. त्रिपाठी, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वीमेन के मिशन कोऑर्डिनेटर एवं जेंडर स्पेशलिस्ट, वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर, विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई, जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


