टावर पर चढ़ी 18 वर्षीय युवती को पुलिस ने सुरक्षित उतारा, माता-पिता से विवाद के बाद उठाया कदम
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 05 Aug, 2026
- 42
महराजगंज, फरेंदा। थाना फरेंदा क्षेत्र के ग्राम पिपरा तहसीलदार में बुधवार सुबह एक 18 वर्षीय युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना फरेंदा पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने धैर्य और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए युवती से बातचीत की और उसे विश्वास में लेकर सुरक्षित नीचे उतारा।
प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने बताया कि माता-पिता से हुए विवाद के कारण वह नाराज होकर टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस ने युवती को परिजनों के सुपुर्द कर आवश्यक पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार मामले में स्थानीय थाने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी राघवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक कलीमुल्लाह खान, हेड कांस्टेबल हिमांशु राय तथा महिला कांस्टेबल दीपिका मिश्रा शामिल रहीं।


