दवा की दुकानों पर पुलिस व ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम की छापेमारी, चार संदिग्ध दवाओं के लिए नमूने

महराजगंज। औषधियों की गुणवत्ता और बिक्री में नियमों के अनुपालन को लेकर मंगलवार को जिले में पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित थोक व खुदरा औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों की आकस्मिक जांच की। जांच के दौरान लाइसेंस, दवाओं के भंडारण, कोल्ड चेन, फार्मासिस्ट की उपलब्धता और बिक्री-खरीद से संबंधित अभिलेखों की पड़ताल की गई।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई से औषधि विक्रेताओं में हलचल रही। टीम ने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध दवाओं की भी जांच की। जांच के दौरान कुछ औषधियां संदिग्ध पाए जाने पर उनके चार नमूने लिए गए।

अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को नियमानुसार सील कर परीक्षण के लिए गवर्नमेंट लैबोरेटरी भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त टीम ने औषधि विक्रेताओं को नियमों का पालन करने और दवाओं के भंडारण व बिक्री में निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com