स्वगणना कर डीएम ने अधिकारियों को किया प्रेरित, पंचायतों में जागरूकता अभियान के निर्देश

महराजगंज। आगामी जनगणना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने स्वयं ऑनलाइन स्वगणना कर अधिकारियों और कर्मचारियों को इसके लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी स्वगणना प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) समेत अन्य जिलास्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी ऑनलाइन स्वगणना की।

इस मौके पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ऑनलाइन पंजीकरण तथा विवरण भरने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसंख्या संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों का प्रमुख आधार होती है। विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन में इसकी अहम भूमिका रहती है।

उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अधीनस्थ कर्मचारियों की स्वगणना हर हाल में सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही पंचायत भवनों में कार्यशालाएं आयोजित कर आमजन को भी स्वगणना के प्रति जागरूक किया जाए। जिलाधिकारी ने ग्राम और वार्ड स्तर के कर्मचारियों को मिशन मोड में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पांडेय, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी ए.पी. सिंह समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com