दो सगे भाइयों के लिए काल बना ईंट भट्ठे का गड्ढा, बुझ गए घर के चिराग; गांव में पसरा मातम
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 06 May, 2026
- 256
ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबकर दो सगे भाइयों की मौत
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चेहरी टोला महलगंज में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में दो मासूम सगे भाइयों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, डब्लू साहनी के पुत्र राज (5) और आयुष (4) घर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों अचानक लापता हो गए। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो स्वजन ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आसपास तलाश शुरू कराई। इसी दौरान ईंट भट्ठे के पास पानी से भरे गहरे गड्ढे में दोनों बच्चे मिले। आनन-फानन में उन्हें बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि डब्लू साहनी मूल रूप से बागापार क्षेत्र के निवासी हैं और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वह इन दिनों चेहरी टोला महलगंज में किराये के मकान में रह रहे थे।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन की ओर से मृतक बच्चों के परिजनों को राहत आपदा मोचक निधि के अंतर्गत चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, घटना की जांच के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विजय यादव को जांच अधिकारी नामित किया गया है, जिन्हें एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे गांव से सटे ईंट भट्ठे, खुले गड्ढों को सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

