भारत-नेपाल सीमा पर ड्रग तस्करी का भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 07 May, 2026
- 33
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुरन्दरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नशे के लिए दुरुपयोग किए जाने वाले 123 बोतल कोडिसन सिरप और 960 कैप्सूल बरामद किए हैं। बरामद दवाओं की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रानीपुर चौराहे पर घेराबंदी कर बाइक सवार दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले सिरप और कैप्सूल की तस्करी की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज निवासी मुकेश पाण्डेय और गोरखपुर जिले के खोराबार निवासी योगेश तिवारी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 123 पीस कोडिसन सिरप, 960 प्रतिबंधित कैप्सूल, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी गोरखपुर से दवाएं लाकर नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले कई महीनों से इस तस्करी में सक्रिय थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद दवाओं का इस्तेमाल सामान्य चिकित्सा में किया जाता है, लेकिन अवैध रूप से इनका नशे के रूप में दुरुपयोग बढ़ रहा है। युवाओं में “कॉकटेल ड्रग” के रूप में इन दवाओं का सेवन गंभीर स्वास्थ्य खतरा पैदा कर रहा है।
इस मामले में थाना पुरन्दरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/23/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

