
घुघली नगर पंचायत में सफाईकर्मियों का हंगामा, अध्यक्ष पर लगाया जातिगत भेदभाव का आरोप
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 05 Sep, 2025
- 99
महराजगंज। घुघली नगर पंचायत में सफाईकर्मियों और नगर पंचायत प्रशासन के बीच विवाद गहरा गया है। नगर पंचायत में तैनात करीब 28 सफाईकर्मियों ने सामूहिक रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष जायसवाल और उनके सहयोगियों पर जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। कर्मचारियों ने घुघली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
सफाईकर्मियों का आरोप है कि अध्यक्ष और उनके करीबी लोग उनके साथ अमानवीय व्यवहार करते हैं। आरोप लगाया गया कि काम के दौरान उन्हें गालियां दी जाती हैं और कई बार पानी तक पीने से रोक दिया जाता है। कर्मचारियों ने कहा कि यह उनकी गरिमा और अधिकारों को कुचलने की सुनियोजित कोशिश है।
शिकायत पत्र में सभी सफाईकर्मियों ने हस्ताक्षर और अंगूठा लगाकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द उत्पीड़न पर रोक नहीं लगी, तो वे सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करने पर मजबूर होंगे।
उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष जायसवाल ने इन आरोपों को बेबुनियाद और राजनीतिक प्रेरित बताया है। उनका कहना है कि सफाईकर्मियों की शिकायत निराधार है। वहीं घुघली थानाध्यक्ष ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद नगर क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। लोगों के बीच नगर पंचायत की कार्यशैली और अध्यक्ष की भूमिका को लेकर चर्चा तेज है। आमजन जिला प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।